बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
April 18, 2024
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय

योगीराज में दिन-दहाड़े होटल माल‌िक की हत्या, प्रदर्शनकारियों ने लगाया जाम

  • August 26, 2017
  • 0 min read
योगीराज में  दिन-दहाड़े होटल माल‌िक की हत्या, प्रदर्शनकारियों ने लगाया जाम
लखनऊ के नाका इलाके में शुक्रवार को हुई हत्या के विरोध में व्यापारियों ने नाका से चारबाग तक भीषण जाम लगा दिया। मरने वाले व्यापारी के परिवारवाले और साथी व्यापारी प्रदर्शन करने के ल‌िए थाने पहुंच गए।
सड़क पर भारी संख्या में लोगों के प्रदर्शन से भीषण जाम की स्थित‌ि पैदा हो गई। बता दें क‌ि गुरुनानक मार्केट में शुक्रवार भरी दोपहरी में होटल कारोबारी व शुभम लॉज के मालिक मुकेश मनवानी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही बवाल थम नहीं रहा है। आक्रोशित व्यापारियों ने आरोपी की दुकान पर धावा बोलकर वहां तोड़फोड़ के बाद आगजनी की कोशिश भी की थी।  इस मामले में मुख्य आरोपी आर्यनगर निवासी बलबीर सिंह दुआ उर्फ शिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में उसके साथ शामिल राजेंद्र सिंह दुआ, जसवीर सिंह, मंजीत, शेरू और पारुल की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि मुकेश कृष्णानगर के नटखेड़ा रोड रामगली में रहता था। उसका नाका के रॉयल पंजाब होटल के मालिक बलबीर सिंह दुआ से लंबे समय से विवाद चल रहा था। मुकेश कुछ दिनों से गुरुनानक मार्केट स्थित अपने लॉज में निर्माण करवा रहा था।
बृहस्पतिवार को उसने लॉज के एक हिस्से में दीवार उठवाने के साथ छत डलवाई थी। बलबीर इसका विरोध कर रहा था। उसका कहना था कि जिस जमीन पर मुकेश ने दीवार उठवाई थी, वह उसके हिस्से की है। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
मुकेश मनवानी गुरुनानक वार्ड से भाजपा का वार्ड अध्यक्ष था और कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी का करीबी था। बृहस्पतिवार को शिंकू से झगड़े के बाद शुक्रवार दोपहर उसने रीता बहुगुणा से मिलकर उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी दी थी।