
बुलंदशहर | उपचुनाव में सपा- रालोद के गठबंधन प्रत्याशी पीके सिंह की सभा में सपा के दिग्गज नेता धर्मेंद्र यादव भी सम्बोधित करने पहुंचे | पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव ने सबसे पहले देरी से आने पर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन मामूली गठबंधन नहीं है। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने वाला महागठबंधन है। हाथरस में एक मजलूम बेटी के परिवार वालों को ढांढस देने जा रहे रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पर पड़ी लाठी देश के किसानों और गरीबों पर लाठी पड़ी है। 2014 में किसानों की आय दोगुना करने वाली सरकार ने किसानों की आय को आधा कर दिया है। धर्मेंद्र यादव ने बुलंदशहर के लोगों से सपा-रालोद के गठबंधन प्रत्याशी पीके सिंह को जिताने की अपील भी की |
वहीँ, रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह एक नाम नहीं बल्कि विचारधारा है और रालोद चौधरी चरण सिंह की विचारधारा पर काम करता है। सरकार किसानों की आय दोगुना करने की बात कह रही है। वर्ष 2014 में धान की कीमत 3500 रुपये प्रति कुंतल था आज 1600 रुपये प्रति कुंतल है। अब किसानों की आय दोगुनी हुई या आधी रह गई। उन्होंने कहा कि चौधरी अजित सिंह ने किसानों पर इनकम टैक्स नहीं लगने दिया।