बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
April 19, 2024
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

सपा सांसद आजम खान की हालत चिंताजनक, 10 लीटर ऑक्सीजन की हर घंटे जरूरत

  • May 11, 2021
  • 1 min read
सपा सांसद आजम खान की हालत चिंताजनक, 10 लीटर ऑक्सीजन की हर घंटे जरूरत

लखनऊ | समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खां की हालत नाजुक बनी हुई है। अब उन्हें पहले से ज्यादा ऑक्सीजन देने की जरूरत पड़ रही है। जबकि उनके बेटे की हालत में सुधार बताया जा रहा है। करीब सवा साल से कई मामलों में सीतापुर की जेल में बंद सपा सांसद आजम खां की कोरोनावायरस की चपेट में आने के बाद रविवार को अचानक हालत बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला को भी तबीयत खराब होने पर रविवार शाम को शहीद पथ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां सपा सांसद आजम खां को चार लीटर प्रति घंटे की दर से ऑक्सीजन दिया जा रहा था।  रात में ही सिटी स्कैन व अन्य जांच कराई गई। सपा सांसद के फेफड़े में गंभीर संक्रमण पाया गया है। जबकि उनके बेटे अब्दुल्ला की स्थिति ठीक है। मेदांता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर राकेश कपूर ने बताया कि सांसद आजम खां के फेफड़े में गंभीर संक्रमण है।  सोमवार से उन्हें 10 लीटर प्रति घंटे की दर से ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। उन्हें कोविड आईसीयू में रखा गया है। क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम पल-पल की निगरानी कर रही है। संसद के बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला खान की स्थिति संतोषजनक है। लेकिन उन्हें भी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है|

दो इंस्पेक्टर सुरक्षा में लगे-
सीओ सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि आजम खां, अब्दुल्ला की सुरक्षा के लिए मेदांता में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्हें कोई समस्या न हो, इसलिए जिले से दो इंस्पेक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। ये इंस्पेक्टर शिफ्ट वाइज बदलते रहेंगे। इसके अलावा पुलिस लाइंस की एक गार्द भी मेदांता अस्पताल में तैनात की गई है।