स्वतन्त्र देव सिंह ने कहा- ‘स्व. शाही ने देखा था स्वस्थ, स्वच्छ व विकसित देश का सपना’
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने नरेन्द्र देव इंटर कालेज मैदान, पथरदेवा में जनसंघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्व. रवीन्द्र किशोर शाही को श्रद्धांजलि अर्पित करतेे हुए कहा कि गरीब-मजलूमो के मसीहा के रूप में लोंगों के बीच शाही जी की पहचान थी। आपातकाल में स्व०शाही जी जेल गए, प्रताड़ित किये गए, लेकिन फिर भी उन्होंने हार नही मानी, सदैव जनमानस के लिए समर्पित रहे। अहर्निश लोंगों की सेवा में लगे रहे। उन्होंने कहा कि गरीबों की सेवा, माता-पिता की सेवा, गौ सेवा और राष्ट्र सेवा से बढ़कर कोई दूसरा श्रेष्ठ कार्य नही है, इसमें ही सच्चा सुख है। हम सबको स्व०शाही जी के पदचिन्हों पर चलकर दीन, हीन, गरीब, लोंगों की सेवा करना है। ऐसे लोग कम मिलते हैं, जिनसे हम सभी प्रेरणा ले सके। आज स्व० शाही जी का परिवार राष्ट्र सेवा में लगा है। जब हम सभी आगे बढेगें, तभी अपना प्रदेश व देश तरक्की कर सकेगा। शाही जी ने गरीबों, दलितों के घरों में विद्युतीकरण कराया, क्रीड़ा मन्त्री रहते हुए उन्होंने प्रदेश में कई ख्याति प्राप्त कार्य किये, देवरिया में स्टेडियम का निर्माण कराया।
स्वतन्त्र देव ने कहा कि स्व. शाही जैसे महामनीषियों ने स्वस्थ, स्वच्छ व विकसित देश व प्रदेश का सपना देखा था, आज वह पूरा हो रहा है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश मे विकास की गंगा बह रही है। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 व 35ए की समाप्ति के बाद अमन-चैन का माहौल है। कश्मीर में तिरंगा शान से लहरा रहा है। आज आतंकवाद एवं अलगाववाद जाने किस बिल में घुस गए है। यह मोदी के 56 इंच के सीने का कमाल है। आज प्रदेश के हर घर मे शौचालय है, माताएं-बहनें गर्व की अनुभूति करती है। देश में 10 करोड़ शौचालय का लक्ष्य था, 11 करोड़ शौचालय का निर्माण कर नया कीर्तमान बनाया है। हिंदुस्तान के अंदर 50 लाख परिवारों तक आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख तक के निःशुल्क इलाज का गांरटी पहुंची हैं। आज मैं कह सकता हूँ अपना प्रदेश, अपना देश विकास की ओर अग्रसर है। प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि स्व. रवीन्द्र किशोर शाही सदैव सबकी चिंता करते थे। किस को क्या चाहिए, कहाँ हमे और मेहनत करना है,। इन सब पर पूर्ण ध्यान देते थे। कार्यकर्ताओं से परस्पर सम्पर्क रखते थे। अधिकारियों से कार्य लेते थे और लोंगो की मदद करते थे।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद डॉ०रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि स्व० रवीन्द्र किशोर शाही एक शलाका पुरुष थे। महान व्यक्तित्व के साथ-साथ कर्मयोगी थे, जिन्होंने अपना प्रमाणिक जीवन सर्वस्व जनसमाज के लिए समर्पित कर दिया। ग्राम प्रधान से लेकर प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश मन्त्री तक का लंबा सफर उन्होंने लोंगो की सेवा में ही बिताया। श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री प्रेमचंद्र मिश्र, जिलाध्यक्ष डॉ०अन्तर्यामी सिंह, सदर विधायक जन्मेजय सिंह, गंगा सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक व सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र प्रताप मल्ल, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे, महेंद्र यादव, मार्कण्डेय शाही सहित हजारों की संख्या में जनमानस उपस्थित रहा।