
बुलंदशहर | बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे सभी 579 बूथों पर मतदान शुरू हो गया है। मतदान से पहले मॉक पोल किया गया। इस सीट पर भाजपा के प्रत्याशी उषा सिरोही और बसपा के हाजी यूनुस की प्रतिष्ठा दांव पर है | वही सपा-रालोद गठबंधन की अग्निपरीक्षा भी इसी सीट पर है |
विदित हो कि भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही के निधन के कारण रिक्त हुई बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। मंगलवार की सुबह विधानसभा क्षेत्र के 579 बूथों पर ईवीएम के द्वारा मतदान शुरू हो गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार, एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बुलंदशहर नगर के खालसा स्कूल मतदान केंद्र सहित कुछ अन्य बूथों का निरीक्षण कर मतदान का जायजा लिया। 18 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3,88,508 मतदाता अपने मताधिकार से करेंगे।