बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
दिल्ली-एनसीआर राजस्थान राष्ट्रीय

न्यायाधीशों को महाभियोग के नाम पर डराकर राममंदिर की सुनवाई रुकवाती है कांग्रेस : नरेन्द्र मोदी

  • November 25, 2018
  • 1 min read
न्यायाधीशों को महाभियोग के नाम पर डराकर राममंदिर की सुनवाई रुकवाती है कांग्रेस : नरेन्द्र मोदी

जयपुर | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर रविवार को आरोप लगाया कि उसने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों के खिलाफ महाभियोग के नाम से डराने का एक नया और खतरनाक खेल शुरू किया है। उन्होंने यह भी कहा कि जातिवाद के जहर को कांग्रेस आज भी छोड़ नहीं पाई है। मोदी ने राजस्थान के अलवर में एक चुनावी रैली में कहा कि कांग्रेस उच्चतम न्यायालय के बडे़ वकीलों को राज्यसभा का सदस्य बनाती है और वे सदस्य उन न्यायाधीशों को महाभियोग के नाम से डराने का नया खेल खेल रहे हैं जो न्यायाधीश उनके राजनैतिक इरादों के अनुसार कार्य नहीं करते।

उच्चतम न्यायालय में अयोध्या मामले की सुनवाई का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि जब यह मामला चल रहा था, तब कांग्रेस के नेता और राज्यसभा के एक सदस्य ने कहा था कि 2019 तक केस मत चलाओ, क्योंकि 2019 में चुनाव है। ‘‘देश के न्यायतंत्र को इस तरह राजनीति में घसीटना ठीक है क्या? ’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘’जब उच्चतम न्यायालय का कोई न्यायाधीश अयोध्या जैसे गंभीर संवेदनशील मसलों सबका पक्ष सुनना चाह रहे थे तो कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और वकील न्यायालय के न्यायाधीशों के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाकर उन्हें डरा धमका रहे थे।’’
https://www.youtube.com/watch?v=xc9Mdwaik48

मोदी ने कहा कि कांग्रेस के इस नये खेल के संबंध में वह देश के बुद्धिजीवियों से, राष्ट्र के उज्जवल भविष्य के लिये गंभीरतापूर्वक इसे कसौटी पर कसने का अनुरोध करते हैं। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का न्यायपालिका में भरोसा नहीं है, लेकिन ‘‘हम यह काला कारनामा लोकतंत्र के मंदिर में नहीं होने देंगे।’’ मोदी ने कांग्रेस पर जातिगत राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस वालों ने हिन्दुस्तान को तोड़ा है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी दिन प्रतिदिन इतनी नीचे गिरती जा रही है कि उन्होंने राजनीति के संस्कार ही छोड़ दिये, शिष्टाचार भूल गये और चुनाव में विकास के मुद्दों पर बहस करने के लिये वे अपनी हिम्मत भी खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ‘अहंकारी’ पार्टी है, जिसके पास विकास के एजेंडा पर चर्चा करने का साहस ही नहीं है।
https://www.youtube.com/watch?v=1GMVdMYA8ZA

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को उसकी पिछली सरकार के पांच साल के कार्यों और वर्तमान वसुंधरा सरकार के कार्यकाल के कार्यों की तुलना करने की चुनौती देते हुए कहा ‘‘पिछली सरकार के पांच साल का हिसाब इतना बुरा है कि कांग्रेस में वसुंधरा सरकार के पांच साल को कामों को देखने की भी हिम्मत नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब आपके कामों का कोई हिसाब नहीं हो, कोई विजन नहीं हो और खुद आपकी पार्टी के भीतर जारी जंग का कोई हल न हो तब चुनाव का मुद्दा बनता है कि मोदी की जाति कौन सी है? आप इसके आधार पर वोट करेंगे क्या? मोदी का जन्म कहीं भी हुआ हो, क्या राजस्थान का भविष्य उससे तय होगा?’’ उन्होंने कहा ‘‘ जातिवाद के जहर को कांग्रेस आज भी छोड़ नहीं पाई है। कांग्रेस का मूल स्वभाव उनकी वाणी व स्वभाव में झलकता है। गरीबों, दलितों और शोषितों के प्रति नफरत का भाव कांग्रेस की रगों में है। कांग्रेस के दिग्गज नेता बाबा साहेब आंबेडकर के समय से गलत भाषा का प्रयोग करते रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री ने भारत रत्न को लेकर कहा, ‘‘बाबा साहब आंबेडकर को भारत रत्न मिलना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस को सुध नहीं आई। यह कांग्रेस की जातिवादी मानसिकता है। एक ही परिवार के चार लोगों को भारत रत्न देकर दीवार पर चिपका दिए गए और इन्हें बाबा साहब की याद नहीं आई।’’ उन्होंने कहा, ‘यह कांग्रेस की जातिवादी मानसिकता है। मंडल कमीशन के खिलाफ राजीव गांधी ने जिस भाषा का प्रयोग किया था, वह आज भी संसद में गूंजती रही है।’ मोदी ने कहा कि 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने चुनावी अभियान की शुरूआत अलवर से की थी और आज फिर अलवर से राजस्थान चुनाव यात्रा शुरू कर रहे हैं।