बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
April 16, 2024
दिल्ली-एनसीआर

अमित शाह करेंगे दिल्ली पुलिस के नए मुख्यालय का उद्घाटन

  • October 31, 2019
  • 1 min read
अमित शाह करेंगे दिल्ली पुलिस के नए मुख्यालय का उद्घाटन

दिल्ली पुलिस को गुरुवार को अपना नया मुख्यालय मिल जाएगा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लुटियंस जोन में स्थित 17 मंजिले इमारत का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह आयोजन स्वतंत्र भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 144 वीं जयंती पर होगा। दिल्ली पुलिस को 44 साल बाद नया मुख्यालय मिल रहा है। अभी उसका मुख्यालय आयकर कार्यालय (आईटीओ) क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी बिल्डिंग में है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक, विशेष पुलिस आयुक्त और संयुक्त आयुक्त रैंक के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ गुरुवार को मध्य दिल्ली में जय सिंह मार्ग पर बने नए भवन में शिफ्ट होंगे। गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी भी समारोह में मौजूद रहेंगे।

अधिकारियों के अनुसार दिल्ली पुलिस का पहला मुख्यालय अंग्रेजों के शासकाल में 1912 में कश्मीरी गेट पर बना था। आजादी के बाद, 1970 के दशक में मुख्यालय पीडब्ल्यूडी बिल्डिंग में स्थानांतरित किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यालय कश्मीरी गेट से 1975-76 में आईटीओ क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अत्याधुनिक इमारत निजी-सार्वजनिक भागीदारी मॉडल पर विकसित की गई है और यह भूकंप प्रतिरोधी है। इसमें एक सभागार है और इसमें एक पुलिस संग्रहालय भी होगा। अधिकारियों ने कहा कि इमारत में 1,000 कारों की पार्किंग क्षमता होगी और इसमें कई आवासीय फ्लैट भी बनाए गए हैं