बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
राजनीति राष्ट्रीय

राहुल राजनीतिक फायदे के लिए मोदी पर लगा रहे हैं भ्रष्टाचार के आरोप: गडकरी

  • April 8, 2019
  • 1 min read
राहुल राजनीतिक फायदे के लिए मोदी पर लगा रहे हैं भ्रष्टाचार के आरोप: गडकरी

नागपुर। केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता नितिन गडकरी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राजनीतिक फायदे के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी का सम्मान किया जाना चाहिए। लोकसभा चुनाव से पहले गडकरी ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में गांधी की ‘न्यूनतम आय योजना’ (न्याय) पर भी हमला बोला जिसके तहत देश के 20 प्रतिशत गरीबों को प्रति वर्ष 72,000 रुपए देने का प्रावधान है। उन्होंने इसे वोट हासिल करने का एक लोकलुभावन नारा और राजनीतिक रणनीति करार दिया।

लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को दरकिनार करने के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए गडकरी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें बहुत सम्मान दिया और उनसे मार्गदर्शन एवं प्रेरणा ली है। उन्होंने कहा कि आडवाणी और भाजपा के विचार एक-दूसरे से अलग नहीं हैं औरइस बात को तोड़-मरोड़ कर पेश करना कि भगवा दल विपक्ष को राष्ट्र विरोधी की तरह देखता है…यह गलत है। गडकरी ने कहा कि वह जिस तरह प्रधानमंत्री के बारे में बात करते हैं वह सही नहीं है। प्रधानमंत्री किसी पार्टी के नहीं बल्कि देश के हैं और इस देश के हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह प्रधानमंत्री को प्रधानमंत्री की तरह देखे और उनका सम्मान करे। राहुल गांधी दुर्भाग्यवश उनके खिलाफ काफी गलत भाषा का इस्तेमाल करते हैं।

गांधी की न्याय योजना की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि इसके क्रियान्वयन के लिए 3,50,000 करोड़ रुपए चाहिए होंगे। गडकरी ने सवाल किया कि वह धन कहा से लाएंगे? और यदि वह इस धन का उपयोग कर रहे हैं, तो वह कृषि जैसे अन्य क्षेत्रों के लिए बजट का प्रावधान कैसे करेंगे? उन्होंने कहा कि समय की मांग बेहतर रोजगार क्षमता, विकास दर एवं प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि के लिए अच्छी नीतियां बनाना है। उन्होंने कहा कि हालांकि, अगर लोकलुभावन नारे राजनीतिक लक्ष्य के लिए बनाए गए हैं तो इससे अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा। कांग्रेस की साख अच्छी नहीं है।