बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
जम्मू-कश्मीर ब्रेकिंग न्यूज़

माता वैष्णो का रूप थी बच्ची, उससे रेप क्यों हुआ: महबूबा

  • April 18, 2018
  • 0 min read
माता वैष्णो का रूप थी बच्ची, उससे रेप क्यों हुआ: महबूबा

नई दिल्ली | जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को कहा कि हमारे समाज में कुछ तो गलत है, जहां लोग उस बच्ची के साथ रेप करने के बाद उसकी हत्या करते हैं, जिसे देवी मां का रूप माना जाता है। कठुआ में एक आठ वषीर्य बच्ची का अपहरण, उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या किए जाने की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “कोई कैसे एक छोटी बच्ची के साथ ऐसा घिनौना कृत्य कर सकता है, जिसे माता वैष्णो देवी का रूप माना जाता है। महबूबा, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ श्री माता देवी वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं। बकरवाल खानाबदोश समुदाय की आठ साल की बच्ची का 10 जनवरी को अपहरण कर लिया गया था। उसका शव एक सप्ताह बाद जंगल से बरामद किया गया। जांच से पता चला कि उसके साथ आठ लोगों ने कई बार रेप किया था। रेप और हत्या के सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की अगली सुनवाई कठुआ जिला अदालत में 28 अप्रैल को होगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जम्मू एवं कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को यहां पहुंचे।

उन्होंने कठुआ में आठ साल की बच्ची के साथ रेप और उसकी हत्या की कड़ी निंदा की। यहां कटरा नगर के श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने कहा, “आजादी के 70 साल बाद भी हमारे देश में ऐसी घटना का होना शर्मनाक है। इसका निर्णय हमें करना है कि हम कैसा समाज बन रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह हमारा कर्तव्य है कि भविष्य में हमारी किसी बहन या बेटी के साथ ऐसा न हो।”राष्ट्रपति ने कहा कि समाज की सफलता इसके बच्चों को प्रदान की गई सुरक्षा पर निर्भर करती है। कोविंद बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच यहां आए जहां उनकी अगवानी राज्यपाल एन.एन. वोहरा तथा मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने की।