बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
अन्य राज्य उत्तराखंड ब्रेकिंग न्यूज़ महाराष्ट्र मुंबई

मुंबई पुलिस के सामने आज पेश नहीं होंगी कंगना रणौत, मांगा थोड़ा और वक्त

  • December 22, 2021
  • 1 min read
मुंबई पुलिस के सामने आज पेश नहीं होंगी कंगना रणौत, मांगा थोड़ा और वक्त

मुंबई। एक्ट्रेस कंगना रणौत आज मुंबई पुलिस के सामने पेश नहीं होंगी। रिपोर्ट्स की मानें तो कंगना ने मुंबई पुलिस से थोड़ा और समय मांगा है। कंगना फिलहाल यूपी में अपनी फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। पिछली सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाई कोर्ट ने उन्हें 22 दिसंबर को मुंबई पुलिस के सामने पेश होने का आदेश दिया था। दरअसल अभिनेत्री ने सरकार की ओर से कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के बाद सोशल मीडिया पर लिखा था कि, ‘खालिस्तानी आतंकवादियों ने भले ही आज सरकार की बांह मरोड़ दी हो लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि एक महिला प्रधानमंत्री ने इन्हें कुचल दिया था। चाहे इसकी वजह से देश को कितना भी कष्ट क्यों न हुआ हो।’

वहीं पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को कंगना के खिलाफ 25 जनवरी तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का आदेश भी दिया था।  बता दें, 23 नवंबर को कंगना के खिलाफ मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज की गई थी। कंगना के खिलाफ आईपीसी की धारा 295ए के तहत मामला दर्ज किया गया है और इसकी जांच जारी है। 

कंगना विवादित बयान के बाद न केवल मुंबई में बल्कि देश के कई हिस्सों में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। लोगों का कहना था कि कंगना नफरत की फैक्ट्री बन चुकी हैं। हम इंस्टाग्राम पर ऐसे नफरत भरे पोस्ट करने के लिए सरकार से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग करते हैं कंगना की सिक्योरिटी और पद्मश्री को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। 

इससे पहले जब वह पंजाब में थीं तब कीरतपुर में प्रदर्शनकारी किसानों ने उनकी कार को रोक लिया। इन प्रदर्शनकारियों के हाथों में झंडे थे और ये नारेबाजी कर रहे थे। इन्होंने किसानों और कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग करने वालों के खिलाफ बयानबाजी के लिए कंगना से माफी की मांग की। तनाव बढ़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल भी बुला लिया गया। काफी देर हंगामा होता रहा। करीब दो घंटे बाद आखिरकार कंगना ने माफी मांगी जिसके बाद किसानों ने उन्हें जाने दिया।