बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 28, 2024
फ़िल्मी दुनिया मुंबई

हवा हवाई पंचतत्व में हुई विलीन, बोनी कपूर ने दी मुखगिनी

  • February 28, 2018
  • 1 min read
हवा हवाई पंचतत्व में हुई विलीन, बोनी कपूर ने दी मुखगिनी

मुंबई। रूप की रानी श्रीदेवी का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में श्रीदेवी के प्रशंसक शामिल हुए। तिरंगे में लिपटे उनके शव को सफेद फूलों से सजे ट्रक में रख कर विले पार्ले के पवन हंस श्मशान में ले जाया गया। उनके पति बोनी कपूर ने हिंदू रीति रिवाज से उनका अंतिम संस्कार किया। उनके अंतिम संस्कार के लिए तमिलनाडु से पंडित बुलाए गए। अंतिम यात्रा में पार्थिव शरीर के साथ श्रीदेवी के पति बोनी कपूर के साथ अनिल कपूर उनकी बेटियां और परिवार के लोग अंतिम साथी रहे। अपने बेहतरीन अभिनय से बॉलीवुड में खास मुकाम हासिल करने वाली श्रीदेवी का शनिवार (24 फरवरी) की रात को अकस्मात निधन हो गया। अपने आखिरी पलों में 54 वर्षीय श्रीदेवी दुबई में थी। वह अपनी छोटी बेटी खुशी और पति बोनी कपूर के साथ एक शादी अटेंड करने के लिए दुबई पहुंची थीं। लंबे इंतजार के बाद मंगलवार की रात श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मुंबई लाया गया। एयरपोर्ट पर खुद अनिल कपूर परिवार के लोगों के साथ पहुंचे थे। एयरपोर्ट से एक्ट्रेस का शव लोखंडवाला के उनके घर ले जाया गया। बुधवार को सुबह से ही उनके अंतिम दर्शन के लिए सितारों और करीबियों का तांता लगा रहा।

श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को सुहागन की तरह सजाया गया है। श्रीदेवी के शव का श्रृंगार लाल बनारसी साड़ी और लाल रंग की बिंदी से किया गया है। बता दें कि हिंदू रिति रिवाज के अनुसार सुहागन महिला की मौत पर उन्हें सुहागन की तरह सजाकर अंतिम संस्कार किया जाता है। लाल बनारसी साड़ी, लाल लिपिस्टिक और सिंदूर से सजी दुल्हन की तरह श्रीदेवी को विदा किया गया। श्रीदेवी की अंतिम यात्रा में पूरा ब़ॉलीवुड उमड़ पड़ा। कमल हसन,रजनीकांत, अक्षय कुमार, प्रियंका चोपड़ा, शिल्पा शेट्टी, धनुष, काजोल, अजय देवगन से लेकर रणवीर सिंह, ऋतिक रोशन जैसे कलाकारों ने श्रीदेवी को श्रद्धांजलि दी। सलमान खान, शाहरुख, ऐश्वर्या राय और विद्या बालन सहित कई स्टार्स श्रीदेवी को देख फूट-फूट कर रो पड़े। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी ट्वीटर पर अपना दुख व्यक्त किया है। प्रियंका चोपड़ा ने जहां इसे काला दिन बताया है तो वहीं अक्षय कुमार ने कहा है कि उनके पास दुख व्यक्त करने के लिए शब्द ही नहीं है।

श्मशान तक के पूरे रास्ते में उनके चाहने वाले अपनी श्रद्धांजलि देने के लिए सड़क के दोनों किनारे खड़े हैं। ऐसा लग रहा था जैसे मुम्बई थम गयी हो। श्रीदेवी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। ये राजकीय सम्मान मुंबई के पुलिस वालों ने दिया। बता दें कि श्रीदेवी पद्मश्री से सम्मानित थीं इसलिए उन्हें ये सम्मान दिया गया। शुरू में श्रीदेवी का पार्थिव शरीर अंधेरी सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब से विले पार्ले के श्मशान घाट तक लाया गया।