बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
April 19, 2024
राष्ट्रीय

गौरक्षा के बाद, अब लव ज़िहाद के लिए होगा ‘फौज़’ का गठन

  • July 23, 2017
  • 1 min read
गौरक्षा के बाद, अब लव ज़िहाद के लिए होगा ‘फौज़’ का गठन
आक्रामक हिंदुत्व की छवि बना चुका विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नए मिशन पर है। अब विहिप ‘धर्म योद्धाओं’ की फौज बना रहा है, जो आम लोगों को गोरक्षा का पाठ पढ़ाएंगे। ये लोग हिंदू बच्चियों को लव जेहाद के बारे में जानकारी देंगे, साथ ही समाज की सुरक्षा भी करेंगे।
विहिप के तीन दिवसीय क्षेत्रीय बैठक में इस बात की घोषणा की गई, जिसमें विहिप के अन्तर्राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण भाई तोगड़िया भी मौजूद रहे। विहिप के ब्रज प्रांत के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच ये बैठक अलीगढ़ में 18 जुलाई को हुई, जिसमें इस बात की घोषणा की गई। विहिप के ब्रज प्रांत में 22 संगठनात्मक जिले हैं, जिसमें इनका विस्तार किया जाएगा।  विहिप के नेताओं की मानें तो धर्म योद्धाओं की टुकड़ी समाज में जागरण का काम करेगी। इसीलिए अकेले ब्रज प्रांत में 296 प्रखंड(विहिप की सबसे छोटी इकाई) बनाए गए हैं। इस प्रखंड में 9 धर्मयोद्धा शामिल रहेंगे।
विपिल के धर्म योद्धाओं की 9 सदस्यीय टीम में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सत्संग प्रमुख, गौ रक्षा प्रमुख, बजरंग दल के कन्वेनर के साथ ही कॉलेज विद्यार्थी प्रमुख, दुर्गा वाहिनी की कन्वेनर और मात्रृ शक्ति की कन्वेनर भी शामिल होंगी।
विहिप के ब्रज प्रांत के सचिव मनोज ने कहा कि इन्हें धर्म योद्धा का नाम ही इसीलिए दिया गया है, ताकि वो अपने धर्म, समाज और देश की रक्षा कर सकें। उन्होंने कहा कि धर्म योद्धाओं की टीम स्कूल, कॉलेज और अन्य सार्वजनिक ्स्थानों पर हिंदू लड़कियों को लव जेहाद के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्हें समझाया जाएगा कि किस तरह से लव जेहाद के नाम पर धोखाधड़ी होती है।