बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
April 18, 2024
दिल्ली-एनसीआर राष्ट्रीय

कपिल मिश्रा ने कहा दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम अरविंद ‘हवाला’ क्यों न रख दिया जाये

  • May 23, 2017
  • 1 min read
कपिल मिश्रा ने कहा दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम अरविंद ‘हवाला’ क्यों न रख दिया जाये

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा का मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला निरंतर जारी है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में केजरीवाल को संबोधित करते हुए आज कहा कि आपका नाम क्यों नहीं अरविंद ‘हवाला’ केजरीवाल रख दिया जाए।  केजरीवाल पर निरंतर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे मिश्रा ने आज अपने ट्विटर पर लिखा है कि ऊर्जा मंत्री सत्येंद्र जैन की कंपनी सरकार को लिखकर दे रही है कि काला धन आया, हवाला से आया। गौरतलब है कि मिश्रा ने मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद आरोप लगाया था कि उनके सामने जैन ने केजरीवाल को दो करोड़ रुपए दिए। करावल नगर से विधायक मिश्रा ने आगे लिखा है, आम आदमी पार्टी  को जो चंदा आया, वह ऐसी कंपनियों से आया जिनमें हवाला से जुड़े लोग हैं। आप नेताओं पर विदेशी दौरों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग को लेकर छह दिन तक अनशन करने वाले मिश्रा ने कहा है कि एक रूस यात्रा का ब्यौरा मिला है, उसका हवाला से लिंक है। केजरीवाल जिस हेम प्रकाश का लेटर हेड छिपाते हैं, उसकी कंपनियों पर हवाला मामले में छापे पड़ चुके हैं।  उन्होंने कहा कि क्यों नहीं,आपका नाम अरविंद हवाला केजरीवाल रख दिया जाए।

पूर्व मंत्री ने फिर मांग की है कि सारे विदेश दौरों की जानकारी सार्वजनिक कर दी जाए नहीं तो वह एक-एक करके सारी ‘खोद’ कर निकाल लेंगे। जर्मनी कौन-कौन गया,कितने-कितने दिन और किस-किस से मिला,इसकी जनकारियां आ रही हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा देश का मामला है, छोड़ूंगा नहीं।  मिश्रा ने कहा कि रूस यात्रा के और तथ्य भी आज देश के सामने रखूंगा।