बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
April 19, 2024
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

प्रियंका गाँधी बोलीं- ‘कांग्रेस की महासेना योगी और मोदी के झूठ का करेगी पर्दाफाश’

  • September 6, 2021
  • 1 min read
प्रियंका गाँधी बोलीं- ‘कांग्रेस की महासेना योगी और मोदी के झूठ का करेगी पर्दाफाश’

प्रयागराज | कांग्रेस के शुक्रवार से शुरू हुए प्रशिक्षण से पराक्रम कार्यक्रम में महासचिव प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश भरा। फूलपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने वर्चुअली कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा कि कांग्रेस की महासेना अब तैयार हो गई है, जो प्रदेश में योगी और केंद्र में मोदी सरकार के झूठ का पर्दाफाश करेगी। चार बजे जूम एप के माध्यम से कार्यकर्ताओं से वर्चुअली कनेक्ट हुई प्रियंका ने विधान सभा चुनाव के मद्देनजर आधे घंटे तक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की क्लास लगाई।

उन्होंने जय भारत अभियान की सफलता पर कार्यकर्ताओं को  बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की पुुरानी कार्यशैली पर चर्चा की और कहा कि 30 साल पहले गांव-गांव में जो संगठन तैयार कर सूची सौंपी जाती थी, वह केवल कागजी होती थी। पार्टी जमीनी स्तर पर मजबूत नहीं थी। इसीलिए पार्टी कमजोर हो गई। इस दौरान पार्टी की ओर से बड़ी-बड़ी सभाएं आयोजित हुई जिसका परिणाम उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने डेढ़ साल के कार्यकाल के दौरान संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जो पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के द्वारा संभव हुआ। 

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोगों की समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रही है लेकिन कार्यकर्ताओं को वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रशिक्षित किया जाना जरूरी है। अब पार्टी के कार्यकर्ता न केवल जमीनी स्तर पर बल्कि सोशल मीडिया पर भी प्रदेश और केंद्र सरकार के झूठ का पर्दाफाश करने के लिए तैयार हो गई है। इस दौरान कांग्रेस महासचिव ने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। आरोप लगाया कि सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। उसके खिलाफ आवाज उठाने वालों का दमन कर रही है। उन्होंने कहा कि 20 से 30 पहले जो कांग्रेसी मुश्किल दौर में पार्टी का झंडा उठाकर आगे बढ़े, उन्हें साथ लेकर आगे बढ़ा जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण का महत्व बतया। कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से पार्टी महासेना तैयार कर रही है, जो 2022 की विधानसभा की जंग में जीत दिलाएगी।

महासचिव ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें गांव-गांव में जाना है, बूथों पर जाना है, बीएलओ तक जाना है और संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि गांव की कमेटी को उन लोगों को पद दिया जाए जो निष्ठा से कार्य करें। इस दौरान विधानसभा चुनाव के टिकट बंटवारे पर भी चर्चा की। कहा कि इस बार कार्यकर्ताओं के विचारों को उनकी मेहनत को तरजीह दी जाएगी। इसके पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम सुबह आठ बजे से शुरू हुआ। पहले सत्र में बूथ प्रबंधन, द्वितीय सत्र में महात्मा गांधी से लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तक कांग्रेस के योगदानों पर चर्चा हुई। तीसरे सत्र में प्रियंका गांधी का संबोधन हुआ। इसमें 147 न्याय पंचायतों फ्रंटल के अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों सहित कुल 237 कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। शनिवार को यह प्रशिक्षण कार्यक्रम यमुनापार में होगा।