बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
छत्तीसगढ़

Election 2019: 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव आज

  • October 21, 2019
  • 1 min read
Election 2019: 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव आज

उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों समेत 18 राज्यों में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार शनिवार शाम 6 बजे थम गया। अब 21 अक्टूबर को इन सीटों पर वोट डाले जाएंगे। जहां पर विधानसभा उपचुनाव होने हैं उनमें गुजरात की छह सीटों, बिहार की पांच, असम की चार और हिमाचल प्रदेश तथा तमिलनाडु की दो-दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा। इनके अलावा पंजाब की चार सीटों, केरल की पांच, सिक्किम की तीन, राजस्थान की दो सीटों और अरूणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, मेघालय और तेलंगाना की एक-एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा। उत्तर प्रदेश की जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें गंगोह, रामपुर, इगलास :सुरक्षित:, लखनऊ कैण्ट, गोविन्दनगर, मानिकपुर, प्रतापगढ, जैदपुर:सु:, जलालपुर, बलहा:एससी: और घोसी शामिल हैं। इन सीटों पर अलग-अलग पार्टियों से कुल 110 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन सभी के भाग्य का फैसला सोमवार को ईवीएम में कैद हो जाएगा और फिर 24 अक्टूबर को मतगणना होगा।

उपचुनाव में चतुष्कोणीय मुकाबले की संभावना है क्योंकि भाजपा, बसपा, सपा और कांग्रेस ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इन सीटों पर कुल 110 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक 13 प्रत्याशी लखनऊ कैण्ट और जलालपुर सीटों पर हैं। घोसी में 12 उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि गंगोह, प्रतापगढ़ और बलहा में ग्यारह-ग्यारह प्रत्याशी हैं। गोविन्दनगर और मानिकपुर में नौ-नौ, रामपुर, इगलास और जैदपुर में सात-सात प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। बिहार में पांच विधानसभा सीटों एवं एक लोकसभा सीटों के लिए होने वाले उप चुनाव को लेकर शनिवार को प्रचार खत्म हो गया। यहां भी बाकी राज्यों की तरह 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार उप चुनाव में कुल 32 लाख 27 हजार 282 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें इनमें 16 लाख 96 हजार 404 पुरुष व 15 लाख 26 हजार 683 महिला मतदाता एवं 82 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। इनके अतिरिक्त 4113 सर्विस वोटर भी अपना वोट डालेंगे। चुनाव मैदान में उतरे 51 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतदान के बाद होगा। उम्मीदवारों में 45 पुरुष एवं 6 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

अहमदाबाद से प्राप्त खबर के अनुसार भाजपा शासित गुजरात में अमराईवाड़ी, खेरालू, थराद, लुणावाडा, बयाड और राधनपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में 21 अक्टूबर को मतदान होगा। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और राज्य भाजपा अध्यक्ष जीतू वघानी, भगवा पार्टी के प्रमुख प्रचारकों तथा राज्य के कई मंत्रियों ने प्रचार में भाग लिया। जबकि मध्य प्रदेश की झाबुआ सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन राज्य की सत्तारूढ़ कांग्रेस एवं मुख्य विपक्षी दल भाजपा के शीर्ष नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टी के पक्ष में वोट मांगने के लिए आखिरी दिन धुआंधार चुनाव प्रचार किया। नक्सल प्रभावित चित्रकूट (अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट) से कांग्रेस विधायक दीपक बैज के बस्तर लोकसभा सीट से निर्वाचित होने के कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। राजस्थान की दो विधानसभा सीटों पर सोमवार को होने वाले उपचुनाव के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि मंडावा (झुन्झुनूं) एवं खींवसर (नागौर) निर्वाचन क्षेत्रों में विधानसभा उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा पंचाब की चार विधानसभा सीट फगवाड़ा, मुकेरिया, साव और जलालाबाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे।

ओडिशा के बारगढ़ जिले में बीजेपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा। इस सीट पर उपचुनाव कराया जाना इसलिए आवश्यक था क्योंकि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था। पटनायक ने विधानसभा चुनाव में दो सीटों- गंजम जिले की हिंजिली सीट और बारगढ़ जिले की बीजेपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। अरूणाचल प्रदेश की खोंसा पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव मैदान में केवल दो निर्दलीय उम्मीदवार है। तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को अन्नाद्रमुक और द्रमुक ने मतदाताओं को लुभाने के लिए अपनी ओर से भरसक प्रयास किये। राज्य की दो विधानसभा सीटों विक्रवंदी और नानगुनेरी पर सोमवार को मतदान होगा।

असम में चार विधानसभा सीटों रंगपारा, सोनारी, रतबारी और जनिया पर उपचुनाव होना है। इन सीटों पर 20 उम्मीदवार मैदान में है। सिक्किम की तीन विधानसभा सीटों पोकलोक कामरंग, गंगटोक और मरताम-रुमटेक पर मतदान होगा। प्रत्येक सीट पर छह उम्मीदवार मैदान में हैं। केरल की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इन सीटों पर सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ, मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और भाजपा-राजग ने मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। राज्य की जिन सीटों पर उपचुनाव होगा उनमें तिरुवनंतपुरम, अरूर (अलप्पुझा), कोन्नी (पथनामथिट्टा), एर्नाकुलम और मंजेश्वरम (कासरगोड) शामिल हैं। तेलंगाना की हुजूरनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में सत्तारूढ़ टीआरएस और विपक्षी कांग्रेस, भाजपा और तेदेपा के बीच मुकाबला है।

पुडुचेरी के कामराजनगर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सभी प्रबंध कर लिये गये है। केन्द्र शासित प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शूरबीर सिंह ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि सोमवार को मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। हिमाचल प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर सोमवार को होने वाला उपचुनाव मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के लिए एक परीक्षा होगा क्योंकि भाजपा इन सीटों को अपने पास बरकरार रखना चाहेगी। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराया जाना इसलिए आवश्यक हो गया था क्योंकि भाजपा के मौजूदा विधायक सुरेश कश्यप और किशन कपूर इस साल मई में हुए चुनाव में लोकसभा के लिए निर्वाचित हो गये थे। इसके अलावा मेघालय में शीला विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे।