बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय

अलीगढ में कोरोना से 2 की मौत, प्रशासन में हाईअलर्ट

  • April 14, 2021
  • 1 min read
अलीगढ में कोरोना से 2 की मौत, प्रशासन में हाईअलर्ट

अलीगढ | कोरोना की दूसरी लहर देश में तबाही मचा रही है | अलीगढ में कोरोना वायरस से मंगलवार को दो मरीजों की मौत हो गई जबकि 40 लोग संक्रमित हुए हैं। स्वस्थ होने पर 33 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या 279 हो गई है। जेएन मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती दो मरीजों की मृत्यु हो गई है। इसमें 42 वर्षीय व्यक्ति दोदपुर का रहने वाला था। वह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के बड़े अधिकारी के रिश्तेदार था।

दूसरी मौत बन्नादेवी थाना क्षेत्र के 62 वर्षीय व्यक्ति की हुई है। दो व्यक्तियों की मौत की पुष्टि सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने की। जेएन मेडिकल कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, प्राइवेट लैब एवं एंटीजन टेस्ट में 40 लोग संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों को बुधवार को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। साथ ही परिवार एवं संपर्क में आए लोगों का नमूना लिया जाएगा। नगर निगम द्वारा संक्रमित मरीजों के घर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ किया जाएगा। संक्रमित मरीजों में चार इगलास के बिचोला, दो जयगंज, दो स्वर्ण जयंती नगर स्थित कावेरी रॉयल अपार्टमेंट के हैं।

सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी का कहना है कि ऑक्सीजन की कमी नहीं है। इसके अतिरिक्त दीनदयाल में 47 और अतरौली में तीन वेंटिलेटर उपलब्ध हैं। जेएन मेडिकल कॉलेज में 26 वेंटिलेटर हैं। उन्होंने कहा कि एसजेडी मेमोरियल हॉस्पिटल, मिथराज एवं वरुण ट्रॉमा सेंटर में आईसीयू व्यवस्था है। जरूरत पड़ने पर आईएमए के डॉक्टरों से सहयोग लिया जाएगा।