बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

अलीगढ : जिला पंचायत चुनाव में भाजपा को झटका, BSP आगे

  • May 3, 2021
  • 1 min read
अलीगढ : जिला पंचायत चुनाव में भाजपा को झटका, BSP आगे

अलीगढ | त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण जिला पंचायत के परिणामों पर सबकी नजरें टिकी हैं। जिले में 12 स्थानों पर हो रही मतगणना में एक-एक पेटी खुलने के साथ ही पार्टियों और उनके प्रत्याशियों के दिलों की धड़कने बढ़ती जा रही हैं। 47 सदस्यों के जिला पंचायत सदन में बहुमत यानी 27 का आंकड़ा हासिल करने के लिए हर गुणा भाग लगाया जाने लगा है। कुछ परिणामों को घोषित करने में विलंब भी हो सकता है। साथ ही बढ़त बनाने वाले निर्दलीयों पर भी दांव लगना शुरू हो गया है।

रविवार देर रात तक चली मतगणना के अनुसार भाजपा से जिपं अध्यक्ष पद दावेदार मानी जा रही पूर्व सीएम कल्याण सिंह के बेटे एटा सांसद राजवीर सिंह राजू की समधन विजय देवी मामूली बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा नेता राजेश भारद्वाज की पुत्रवधु खुशबू भारद्वाज को निर्दलीय पुष्पेंद्र लोधी ने कड़ी टक्कर दी है, जिससे खुशबू का खेमा तनाव में है। इधर, सपा से जिपं अध्यक्ष पद दावेदार अर्चना यादव भी बेहद रोचक मुकाबले में हैं।

निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंह लगातार तीसरी बार मैदान में हैं। उनको भाजपा के कृष्णपाल उर्फ लाला प्रधान कड़ी टक्कर दे रहे हैं। हालांकि, सुधीर सिंह की पत्नी अंजू देवी जरूर मजबूत स्थिति में हैं। वह दूसरी बार इस चुनाव में खड़ी हुई हैं। कुल मिलाकर रविवार देर रात तक आए रुझानों में जिला पंचायत में बहुमत की स्थिति किसी दल के साथ बनती नहीं दिख रही है। पार्टियों के जिलाध्यक्षों ने रुझानों के आधार पर अपनी अपनी बढ़त का दावा जरूर किया है। अभी मतगणना जारी है और परिणाम घोषित होने बाकी है। सोमवार को इसकी तस्वीर स्पष्ट होगी।