बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

अलीगढ में कोरोना से महिला की मौत, मिले 98 पॉजिटिव, डीएम ऑफिस का बाबू भी चपेट में

  • August 15, 2020
  • 1 min read
अलीगढ में कोरोना से महिला की मौत, मिले 98 पॉजिटिव, डीएम ऑफिस का बाबू भी चपेट में

अलीगढ | अलीगढ़ में कोरोना वायरस से एक महिला की मौत हो गई है जबकि 98 लोग चपेट में आए हैं। डीएम वार रूम और कार्यालय के 6 कर्मी भी संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों में 18 से 40 आयु वर्ग के 51 लोग हैं जबकि महिलाओं की संख्या 41 है। पंडित दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती बन्नादेवी थाना क्षेत्र के बरौला जाफराबाद निवासी 60 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत हो गई। वह 12 अगस्त को अस्पताल में भर्ती हुई थी। महिला कोरोना के अतिरिक्त हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और सांस की बीमारी से पीड़ित थी।

इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा जारी कोरोना बुलेटिन में 98 लोग संक्रमित पाए गए हैं। डीएम वार रूम के तीन कर्मचारी, डीएम कार्यालय की एक महिला सहित तीन गार्ड एवं कलक्ट्रेट का एक बाबू संक्रमित हैं। बड़ा गूहर के 12, महावीर पार्क के 9, नगला मसानी के 4, सराय हरनारायण के 5, रघुवीरपुरी के 3, मौलाना आजाद नगर के 3 लोग संक्रमितों में शामिल हैं। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि लक्षण के आधार पर मरीजों को कोविड-19 हॉस्पिटल एवं होम आइसोलेट किया जा रहा है। परिजनों को क्वारंटीन किया जा रहा है। संपर्क में आए लोगों का नमूना लिया जाएगा।

वहीँ, किशोरनगर निवासी एक 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत उपचार के दौरान आगरा के एक निजी अस्पताल में हो गई। किशोर नगर निवासी व्यक्ति 30 जुलाई को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। उसे उपचार के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक का भाई का कहना है कि फेफड़ों में इंफेक्शन हो गया था। दो दिन पहले उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। शुक्रवार को उसकी मृत्यु हो गई। नुमाइश मैदान स्थित मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया।