बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति राजस्थान

राजस्थान में भाजपा क्लीन बोल्ड, कांग्रेस की शानदार वापसी, तीनो सीट जीतीं

  • February 1, 2018
  • 0 min read
राजस्थान में भाजपा क्लीन बोल्ड, कांग्रेस की शानदार वापसी, तीनो सीट जीतीं

नई दिल्ली। राजस्थान और बंगाल के उपचुनाव में भाजपा को जनता ने बड़ा झटका दिया है। राजस्थान उपचुनाव में भाजपा ने अपनी तीनों सीटें खो दी हैं और कांग्रेस ने चौंकाते हुए इन सभी पर अपना कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस के जयपुर स्थित मुख्यालय सहित सभी जिला कार्यालयों में आतिशबाजी चल रही है। कहा जा सकता है कि राजस्थान उप चुनाव ने कांग्रेस के लिए होली से पहले ही दीपावली ला दी है।

कांग्रेस ने अलवर और अजमेर दोनों लोकसभा सीटों पर उपचुनाव जीत लिया है। हालांकि औपचारिक घोषणा होना बाकी है। दोनों ही लोकसभा सीटों पर मतगणना समाप्त हो गई है। इधर, मांडलगढ़ विधानसभा सीट कांग्रेस जीत चुकी है। इधर, भाजपा की बुरी तरह से हार को लेकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने समीक्षा बैठक शुरू कर दी है। एेसे में राजस्थान के जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय में सन्नाटा पसर गया है। उधर, कांग्रेस मुख्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई है और सभी एक दूसरे को मिठाई खिला रहे हैं।

अलवर से कांग्रेस के डॉ. करण सिंह यादव ने भाजपा के डॉ. जसवंत सिंह यादव के खिलाफ 196496 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की है। वहीं, अजमेर से कांग्रेस के डॉ. रघु शर्मा ने भाजपा के रामस्वरुप लांबा को 84414 मतों से हराया है। अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस को 642416 वोट, तो भाजपा को 445920 वोट मिले। इधर, अजमेर लोकसभा सीट पर कांग्रेस को 611514 वोट और भाजपा को 527100 वोट मिले हैं।

माण्डलगढ़ विधानसभा सीट कांग्रेस ने अपने कब्जे में ले ली है। यहां कांग्रेस ने 12976 मतों से जीत दर्ज की है। इस सीट पर कांग्रेस के विवेक धाकड़ को 70146 वोट तथा भाजपा के शक्ति सिंह हाड़ा को 57170 वोट मिले हैं। बीते 29 जनवरी को अलवर व अजमेर लोकसभा और मांडलगढ़ विधानसभा के लिए मतदान हुआ था।