बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
दिल्ली-एनसीआर पंजाब ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

पंजाब युवा कांग्रेस का कृषि कानून के विरोध में इंडिया गेट पर प्रदर्शन, ट्रैक्टर में लगाई आग

  • September 28, 2020
  • 1 min read
पंजाब युवा कांग्रेस का कृषि कानून के विरोध में इंडिया गेट पर प्रदर्शन, ट्रैक्टर में लगाई आग

नई दिल्ली | दिल्ली में कृषि कानून के विरोध में आज सुबह ही करीब 15-20 लोग दिल्ली के इंडिया गेट पहुंचे और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाकर ट्रैक्टर को वहां से हटा लिया। जानकारी के अनुसार यह पूरा प्रदर्शन पंजाब यूथ कांंग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से किया गया। 

इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और एक एक इनोवा कार भी जब्त की है जो इस घटना में उपयोग में लाई गई थी। आरोपियों के नाम मंजोत सिंह निवासी मोहाली पंजाब, रमन दीप सिंह निवासी मनसा पंजाब, राहुल निवासी लुधियाना पंजाब, साहिब निवासी मोहाली पंजाब, सुमित निवासी मोहाली पंजाब हैं। यह घटना उस वक्त हुई है जब पूरे देश के किसान कृषि कानून 2020 के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। दमकल विभाग के अनुसार उन्हें सोमवार सुबह 7.42 बजे यह सूचना मिली कि इंडिया गेट पर एक ट्रैक्टर में आग लगा दी गई है। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाई। सुबह 7.15 बजे से 7.30 के बीच में करीब 15-20 लोग इंडिया गेट पर जुटे और एक पुराने ट्रैक्टर को आग लगा दी। दमकल विभाग ने ट्रैक्टर की आग बुझाने के बाद उसे वहां से हटा लिया। नई दिल्ली के डिप्टी कमिश्नर ईश सिंघल ने बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जो लोग यहां मौजूद थे उनकी पहचान की जा रही है।

एएनआई द्वारा डाली गई वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पंजाब यूथ कांग्रेस के सदस्य एक ट्रक में पुराना ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। उन लोगोें ने ट्रक से ट्रैक्टर को बाहर निकाला फिर उसमें आग लगा दी और उसके किनारे-किनारे भगत सिंह जिंदाबाद के नारे लगाते रहे। प्रदर्शनकारियों ने कृषि कानून का पुतला भी फांसी पर चढ़ाया। 

भाजपा कराएगी एफआईआर-
दिल्ली भाजपा के मुख्य जनसंपर्क नेता नीलकंठ बक्षी ने इस मामले में कहा है कि वह इस घटना की एफआईआर दर्ज करवाएंगे। उन्होंने कहा, इंडिया गेट पर पुराने ट्रैक्टर को ट्रक पे लाद कर लाए और आग लगा दी… देश में भ्रम फैला कर दंगा फैलाने की इस खतरनाक साजिश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने जा रहा हूं।