बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 28, 2024
स्वास्थ्य

प्रदूषित हवा से बचाएगा एन-99 फेस मास्क, जानें क्या है खास

  • November 16, 2019
  • 1 min read
प्रदूषित हवा से बचाएगा एन-99 फेस मास्क, जानें क्या है खास

कहर बरपाते प्रदूषण और जहरीली हवा से अब आपको अनोखा मास्क बचाएगा। इसे नैनो फाइबर से बनाया गया है। यह सिर्फ धूल-धुआं और रासायनिक तत्वों से ही नहीं बल्कि बीमारी फैलाने वाले बैक्टीरिया और वायरस से भी सुरक्षित रखेगा। कानपुर आईआईटी के पूर्व छात्र संदीप पाटिल ने इस अनोखे मास्क को तैयार किया है। इसका नाम श्वासा एन-99 रखा गया है। संदीप का दावा है कि यह दुनिया का सबसे अत्याधुनिक मास्क है। इसे पहनने से व्यक्ति प्रदूषण से होने वाली हर तरह की बीमारियों से बच सकेगा।

संदीप के मुताबिक श्वासा देश का पहला एन-99 मास्क होगा। अभी तक अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी से बना एन-95 मास्क ही बाजार में उपलब्ध है, जो काफी हद तक धूल-धुएं के साथ कुछ जहरीली गैसों से बचाता है। हालांकि अधिकांश शहरों में एन-91 मास्क ही मिल रहा है। कानपुर दुनिया के प्रदूषित शहरों में शामिल है, इसके बावजूद यहां सिर्फ एन-91 मास्क ही उपलब्ध है। कुछ जागरूक लोग ऑनलाइन वेबसाइट से एन-95 मास्क खरीदकर प्रयोग कर रहे हैं।

संदीप ने बताया कि श्वासा जल्द ही सामान्य लोगों के प्रयोग के लिए भी उपलब्ध होगा। इसके लिए कई बड़ी ऑनलाइन साइट्स से करार को लेकर प्रक्रिया चल रही है। मास्क 100 रुपये में ऑनलाइन खरीद सकते हैं। कोशिश है कि जल्द यह मेडिकल स्टोरों पर भी उपलब्ध हो।