बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
April 19, 2024
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

बुलंदशहर उपचुनाव : कांग्रेस से सुशील चौधरी लड़ेंगे चुनाव, इनमें होगी कांटे की टक्कर-

  • October 10, 2020
  • 1 min read
बुलंदशहर उपचुनाव : कांग्रेस से सुशील चौधरी लड़ेंगे चुनाव, इनमें होगी कांटे की टक्कर-

बुलंदशहर। सदर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में बसपा के बाद अब रालोद और कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतार दिया है। शुक्रवार को रालोद ने गांव भटौना निवासी कुंवर पीके सिंह को तो कांग्रेस ने नगर निवासी सुशील चौधरी को हाईकमान के निर्देश पर अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। रालोद और सपा गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में है। वहीं, दोनों पार्टियों द्वारा जाट कार्ड खेलने के बाद अब सदर विधानसभा की चुनावी बिसात काफी रोचक हो गई है। अब सिर्फ भाजपा के उम्मीदवार का सामने आना रह गया है। रालोद, कांग्रेस और बसपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद उपचुनाव का पहला नजरिया साफ़ हो चुका है | लड़ाई भाजपा और बसपा में कांटे की होना तय माना जा रहा है |

कांग्रेस जिलाध्यक्ष टुक्कीमल खटीक ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के निर्देश पर पार्टी के महासचिव मुकुल वासनिक ने झारखंड और उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनावों के लिए प्रत्याशियों की सूची शुक्रवार को जारी कर दी है। बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार सुशील चौधरी होंगे। उन्होंने बताया कि सुशील चौधरी कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। वह लगातार कांग्रेस के प्रति समर्पित रहे हैं। पार्टी उन्हें जीजान से चुनाव लड़ाकर ऐतिहासिक जीत दिलाएगी।

बता दें कि सुशील चौधरी काफी समय से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं और पीसीसी सदस्य भी हैं। इसके अलावा वह गत निकाय चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चेयरमैन पद का भी चुनाव लड़ चुके हैं।