बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 28, 2024
ब्रेकिंग न्यूज़ विशेष

राष्ट्रपति को मेयर मौ. फुरकान ने सौंपी #Aligarh की चाबी

  • March 8, 2018
  • 0 min read
राष्ट्रपति को मेयर मौ. फुरकान ने सौंपी #Aligarh की चाबी

अलीगढ | बुधवार को देश के प्रथम नागरिक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अलीगढ आगमन पर शहर के प्रथम नागरिक मेयर मौ फुरकान ने स्वागत किया और आगवानी की | मेयर ने राष्ट्रपति को अलीगढ की चाबी सांकेतिक रूप से सौंपी | राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का नुमाइश मैदान में राज्यपाल राम नाइक, उप्र. के केबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण व मेयर मो. फुरकान ने स्वागत किया।

नुमाइश मैदान में जैसे ही राष्ट्रपति का हैलीकॉप्टर पूर्वाह्न करीब 11 बजे पहुंचा तो सुरक्षा कर्मियों ने चारों तरफ से घेर लिया। करीब दो मिनट के बाद हैलीकॉप्टर का दरवाजा खुला और राष्ट्रपति उतरे। चंद कदम की दूरी पर प्रोटोकोल के अनुसार सबसे पहले राज्यपाल राम नाइक ने बुके देकर राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद केबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण ने स्वागत किया। अंत में मेयर ने स्वागत करते हुए राष्ट्रपति को शहर की चांदी की चाबी सौंपी। बकौल मेयर चाबी सौंपने के बाद राष्ट्रपति ने उन्हें धन्यवाद दिया।

बताया जा रहा है कि चाबी का वजन करीब 400 ग्राम है। चार दिन पहले मेयर ने एक चाबी बनवाई थी, जो पसंद नहीं आई। इसके बाद दूसरी चाबी का आर्डर दिया गया। राष्ट्रपति को सौंपने से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने चाबी की काफी देर तक जांच पड़ताल की। जब सब कुछ ओके मिला तब मेयर को दी गई। राष्ट्रपति से मिलकर मौ फुरकान काफी प्रसन्न दिखाई दिए |